बुढ़ापा पेंशन घोटाले के मामले में अभी डिफाल्टरों से रिकवरी का काम बेहद धीमी रफ्तार के साथ चल रहा है। विभाग की ओर से जुलाई माह में डिफाल्टरों को नोटिस भेजने का काम शुरू किया गया था। जिले से संबंधित सभी डिफाल्टरों को नोटिस तो जारी हो चुके हैं, लेकिन रिकवरी अभी तक नाममात्र ही हो पाई है।
विभाग की तरफ से फर्जी तरीके से उम्र और आय छिपाकर पेंशन लेने वाले 4120 लोगों से रिकवरी की जानी है। जुलाई माह में सरकार की तरफ से पत्र जारी कर 15 दिन में जिला प्रशासन से रिव्यू रिपोर्ट मांगी गई थी। हालांकि उस समय विभाग की ओर से सभी डिफाल्टरों को नोटिस भेजने का काम पूरा कर दिया गया था, लेकिन कुछ लोगों की ओर से नोटिसों को लेकर आपत्ति उठाई गई थी कि उन्हें गलत तरीके से नोटिस जारी किए गए हैं।
इसलिए सरकार ने उन्हें अगला नोटिस जारी होने के 20 दिन के अंदर अपनी आपत्तियां जमा कराने को कहा है। जिला प्रशासन की ओर से रिकवरी के लिए 3 अधिकारियों पर आधारित टीम का गठन किया जा चुका है, इसमें तहसीलदार, जिला रेवेन्यू अफसर और जिला प्रोग्राम ऑफिसर शामिल हैं। जिले से संबंधित 4120 लोगों से कुल 11 करोड़ 67 लाख 37 हजार 900 रुपए की रिकवरी की जानी है। हालत यह है कि अब तक केवल एक व्यक्ति से 30 हजार रुपए की रिकवरी हो पाई है।
2017 में कांग्रेस सरकार ने मामले की जांच के दिए थे निर्देश
2 साल तक ली पेंशन
ज्ञात रहे कि अकाली-भाजपा सरकार के समय इन लोगों ने साल 2015 में वास्तविक उम्र ज्यादा दिखाकर, गलत पते लिखाकर और फर्जी इन्कम सर्टिफिकेट दिखाकर पेंशन का लाभ प्राप्त किया। ये लोग 2 साल तक पेंशन का लाभ लेते रहे। साल 2017 में कांग्रेस सरकार ने मामले की जांच का आदेश दिया था। लंबे समय तक चली जांच के बाद घोटाले का खुलासा हुआ। इसके बाद सरकार की तरफ से सभी जिलों के सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों को इस फर्जीवाड़े की रिकवरी के आदेश दिए थे।
घोटाले का पता लगने पर जारी किए गए थे नोटिस
बुढ़ापा पेंशन स्कीम का लाभ 2 साल तक कई ऐसे लोग लेते रहे, जो इसके योग्य ही नहीं थे। इनमें कुछ लोगों ने अपनी उम्र कम बताकर तो कुछ ने आमदन छिपाकर योजना का लाभ उठाया। रिकवरी के लिए ऐसे सभी लोगों को नोटिस जारी किया गया है। सरकार की तरफ से डिफाल्टरों को अगला नोटिस जारी होने के बाद 20 दिन में एतराज देने के लिए कहा गया है। दोबारा से रिकवरी प्रक्रिया शुरू होने के बाद इन्हें कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
जल्द रिकवरी होने की संभावना : राजिंदर सिंह
जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी राजिंदर सिंह का कहना है कि जिन लोगों से रिकवरी की जानी है, उन सभी को नोटिस जारी हो चुके हैं। अगर किसी को गलत नोटिस जारी किया गया है तो वह अपने एतराज विभाग के पास जमा करा सकता है। फिलहाल काफी कम रिकवरी हो पाई है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही रिकवरी के काम में तेजी आ जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/34JS6Dz
October 31, 2020 at 05:07AM
No comments:
Post a Comment