बीकॉम थर्ड ईयर की छात्रा निकिता तोमर हत्याकांड के बाद उसका परिवार दहशत में है। परिवार को आशंका है कि कहीं ये रसूखदार परिवार उनके पूरे परिवार की हत्या न करा दे। क्योंकि हरियाणा की राजनीति में इस परिवार का दखल रहता है। उधर बुधवार को निकिता के घर सेक्टर-23 अपना घर सोसायटी में दिनभर जनप्रतिनिधियों व हिंदू संगठनों के आने का सिलसिला जारी रहा। जनप्रतिनिधि जहां परिवार को पुलिस सुरक्षा देने की मांग करते हुए केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट से करा जल्द सजा दिलाने की सरकार से मांग करते रहे। वहीं हिंदू संगठनों ने दोनों आरोपी तौसीफ और रेहान को फांसी देने की मांग की। सत्तापार्टी के नेताओं व डीसी को परिजनों ने खूब खरी खोटी भी सुनाई। परिजनों का कहना था कि वह मंगलवार को अपनी बेटी का शव लेने के लिए दिन भर इंतजार करते रहे और पुलिस प्रशासन शव देने को तैयार नहीं था। उधर परिवार की महिलाओं ने सरकार से सवाल किया कि जब वह बेटियों की सुरक्षा नहीं कर सकती तो हमें कोख में ही बेटियों की मारने की इजाजत क्यों नहीं दे देती।
निकिता के घर पहुंचे पूर्व कांग्रेसी विधायक करण सिंह दलाल ने हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने और पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह को सस्पेंड करने की मांग की। छात्र संगठन एनएसयूआई और एबीवीपी ने जुलूस निकालकर ज्ञापन सौंपते हुए निकिता के परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की।
पूछा, बेटी का शव दिलाने सत्ताधारी नेता क्यों नहीं आए
बुधवार सुबह केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक नयनपाल रावत, पूर्व विधायक शारदा राठौर और डीसी यशपाल यादव निकिता के घर परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने जनप्रतिनिधियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। पीड़ित परिवार बोला वह मंगलवार को बेटी का शव लेने के लिए दिनभर इंतजार करते रहे तब सत्ताधारी नेता कहां गायब थे। किसी ने मौके पर आकर उन्हें प्रशासन से शव दिलाने का प्रयास क्यों नहीं किया। अपनी ही बेटी का शव लेने के लिए परिजनों को धरना प्रदर्शन और हाइवे जाम करना पड़ा।
तौसीफ के चाचा बसपा नेता बोले- जिन्हें धर्म का नहीं पता, वे लव जिहाद की बात कर रहे हैं
मुख्य आरोपी तौसीफ के चाचा व बसपा नेता जावेद ने कहा कि लव जिहाद का कोई मामला नहीं है, लेकिन जो भी दोषी है उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। गलत काम करने वाला किसी का बेटा नहीं होता, वो सिर्फ एक अपराधी होता है। लव जिहाद या धर्म परिवर्तन ऐसी बातें वो लोग कर रहे हैं, जिन्हें धर्म के बारे में कुछ पता नहीं है।
पहलवान बजरंग पूनिया ने ट्वीट में लिखा है कि अपराधी किसी भी धर्म का हो, वो समाज का दुश्मन ही होता है। निकिता बहन का इंसाफ सिर्फ उसका हक़ नहीं, बल्कि हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। अगर हमारी बहन-बेटी को हम सुरक्षित ही नहीं रख पाए तो फिर क्या फायदा वैष्णो देवी और दुर्गा मां के पूजन का?
पहलवान बबीता फोगाट ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है, दीपेंद्र हुड्डा जी, रणदीप सुरजेवाला जी, भूपेंद्र हुड्डा जी तौसिफ खान के ऊपर आप की बोलती बंद क्यों हो गई? क्या बात राहुल गांधी जी से परमिशन नहीं मिली क्या बोलने की?
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/37Q5qIA
October 29, 2020 at 04:54AM
No comments:
Post a Comment