कृषि कानून के मुद्दे पर जिला में कांग्रेसी और भाजपाई सीधे टकराने को तैयार हैं। शहर के घंटाघर चौक स्थित अपने दफ्तर पर जुटे भाजपाई शुक्रवार को कांग्रेस भवन घेरने पहुंचे। उनसे पहले मौके पर मौजूद पुलिस ने कांग्रेस भवन की गली वाला मेन गेट बंद कर घेराबंदी कर ली। इसको लेकर पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई।
भाजपाइयों का कहना था कि साड्डे दफ्तर ते प्रदर्शन करन वालेयां नूं नईं रोकेआ, हुण सानूं वीं जाण देओ। वे वीरवार को युवा कांग्रेसियों द्वारा भाजपा दफ्तर वाली इमारत में घुसकर प्रधानमंत्री का पुतला फंदे पर लटकाने पर पुलिस द्वारा कांग्रेसियों को न रोके जाने से खफा थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की ओर चूड़ियां फेंक कर रोष भी जताया।
राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दे लौटे
करीब तीन घंटे के धरने-प्रदर्शन और पुलिस से भिड़ंत के बाद भाजपा नेता-कार्यकर्ता गांधी जयंती के चलते निगम मुख्यालय स्थित राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देकर लौट गए। दरअसल वे इसलिए पुलिस से भी खफा थे कि कल जब युवा कांग्रेसी भाजपा दफ्तर वाली इमारत में घुसे तो मौके पर मौजूद फोर्स ने उनको रोका नहीं था। फिर उनको कांग्रेस भवन तक पहुंचने से क्यों रोका जा रहा है। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पेंदर सिंघल ने कई गंभीर आरोप लगाए। उनका तर्क था कि वीरवार को अमृतसर व लुधियाना में एक साथ भाजपा वर्करों पर हमले की साजिश थी।
कांग्रेसियों की गुंडागर्दी से नहीं डरेंगे
पुलिस-प्रशासन सूबे की सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। वीरवार को भाजपा दफ्तर वाली इमारत में कांग्रेसियों को रोकने की बजाए पुलिस मौन रही। उसी पुलिस ने भाजपा वर्करों को कांग्रेस भवन तक जाकर प्रदर्शन करने से रोका। पार्टी वर्कर निडर है, जो कांग्रेसियों की गुंडागर्दी से नहीं डरेगा।
-पुष्पेंदर सिंघल, भाजपा जिला अध्यक्ष
भाजपा की डायलाॅगबाजी से नहीं डरते
किसान विरोधी भाजपा सरकार और उसके वर्कर कैसे जनहितैषी हो सकते हैं। केंद्र में अपनी सरकार होने की धमकी देने वाले भाजपा नेताओं की डायलॉगबाजी से कांग्रेसी भी डरने वाले नहीं हैं। पुलिस से गलत बरताव कर भाजपा नेताओं ने अपनी मानसिकता का परिचय दे दिया।
-अश्वनी शर्मा, प्रधान, कांग्रेस शहरी जिला कमेटी
खन्ना में कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व प्रधान का ऑफिस घेरा

केंद्र सरकार द्वारा कृषि और राहुल गांधी के साथ यूपी पुलिस द्वारा की गई बदसलूकी का आरोप लगाते हुए ब्लॉक यूथ कांग्रेस खन्ना प्रधान अमित तिवारी के नेतृत्व में रोष मार्च निकाला। इसके बाद भाजपा नेता अजय सूद के कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कानून रद्द करने की मांग की। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे के साथ लगते सर्विस लाइन पर टायर चलाते हुए कुछ देर के लिए रोड जाम किया। जिससे वाहनों की कतार लग गई। यूथ शहरी प्रधान अंकित शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार जब तक इस कानून को वापस नहीं लेगी, तब तक यूथ कांग्रेस भाजपा नेताओं का घेराव करती रहेगी। इस अवसर पर अंकित शर्मा, जिम्मी मल्होत्रा, बलराम मिड्ढा, राजेश मेशी, राहुल गर्ग बाबा व मनिंदर मनी मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/36vIxt8
October 03, 2020 at 04:34AM
No comments:
Post a Comment