फोन पर डिटेल लेकर ठगी करने वाले जालसाजों ने अब कोविड-19 की आड़ में भी ठगी शुरू कर दी है। जालसाज खुद काे एसडीएम दफ्तर के मुलाजिम बताकर निगम के पार्षदों को फोन कर पूछ रहे हैं कि आपने कोरोना वायरस के दौरान अपने वार्ड में कितने मास्क और सैनिटाइजर बांटे हैं?
आपको इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष फंड दिया जाएगा। फिर बातों में उलझाकर पार्षदों से कहा- अपने बैंक खाते और अन्य डिटेल दे दें, मास्क और सैनिटाइजर बांटने के लिए प्रशासन की ओर से उनके खाते में सीधे 50 हजार रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। मंगलवार को निगम के करीब एक दर्जन पार्षदों को फोन आया, तो उन्हें पहले तो आश्चर्य हुआ कि उन्हें इसके लिए निगम ने अब तक कोई फंड नहीं दिया, प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी कोई बात नहीं सुनी तो अब अचानक से 50 हजार रुपए देने की बात कहां से कैसे हो गई।
इसी कौतूहल में पार्षदों ने एक-दूसरे को फोन किया, तो खुलासा हुआ कि यह तो ठगी का खेल है। अगर बैंक खाते की डिटेल दिया जो पैसा आना तो दूर, खाते में जो रकम है वह भी गायब हो जाएगी। इससे पहले भी महामारी के दौरान बैंक लोन देने के नाम पर लोगों के साथ फोन पर ऐसी ठगी होती रही है।
पार्षद ने कहा- कोरोना पर निगम ने कोई फंड नहीं दिया तो प्रशासन कैसे देगा
निगम के उपनेता विपक्ष भाजपा पार्षद सुशील शर्मा ने बताया कि उन्हें मंगलवार दोपहर को फोन आया। कोरोना से बचाव के लिए मास्क और सैनिटाइजर बांटने के बारे में पूछा, फिर फंड देने की बात कही। पूछने पर बताया कि उसका नाम अमित है और वो एसडीएम दफ्तर से बोल रहा है। सुशील शर्मा ने बताया कि उसकी बात पर शक होने पर दोबारा फोन किया, तो व्यस्त होने का हवाला देकर बाद में बात करने की बहाना बनाया। इतना ही नहीं बाद में उसका फोन बंद भी हो गया। शर्मा ने बताया कि उन्होंने कुछ साथी पार्षदों को फोन किया तो पता लगा कि उसी शख्स ने उसी नंबर से वार्ड के पार्षद पति गुरप्रीत सिंह, वार्ड-3 के पार्षद पति रवि सैनी, वार्ड-5 के अकाली दल के पार्षद परमजीत सिंह रेरू को भी फोन किया था। पार्षद शर्मा का कहना है कि फोन पर इस तरह से बैंक की डिटेल लेकर खाते से रकम उड़ाने वालों ने कहीं से पार्षदों के नंबर की लिस्ट लेकर कोरोना के नाम पर ठगी की काेशिश की हाेगी। एडीसी विशेष सारंगल का कहना है कि सरकार या जिला प्रशासन की ओर से ऐसे किसी सर्वे या फंड देने की कोई योजना नहीं है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2z5SzDc
May 20, 2020 at 05:00AM
No comments:
Post a Comment