पंजाब में अकाली-भाजपा सरकार के जाने के बाद कांग्रेस सरकार को बने हुए तीन वर्ष से अधिक हो चुके हैं, लेकिन बठिंडा इंप्रूवमेंट ट्रस्ट (बीईटी) की सात कालोनियों पर पड़ी इनहांसमेंट तो छोड़िए, उसका ब्याज तक के खत्म होने का मामला अभी तक सरकार या विभाग नोटिफाइड नहीं करवा सका है तथा यह ठंडे बस्ते में पड़ा नजर आ रहा है। सितंबर 2019 में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केके अग्रवाल के बतौर चेयरमैन शपथ ग्रहण समारोह में वित्तमंत्री मनप्रीत बादल द्वारा मंच से इनहांसमेंट की ब्याज माफी के वायदे के बाद इन कालोनियों के करीब 3 हजार परिवारों की खुशी 8 माह का वक्त बीतने के बाद कोई नोटिफिकेशन नहीं होने से गायब होती नजर आ रही है।
90 के दशक से लेकर अभी तक 23.02 करोड़ से अधिक की इनहांसमेंट व ब्याज लोगों पर बकाया हो चुका है, जिसमें अकेला ब्याज ही मूल से करीब तीन गुणा 16.06 करोड़ से अधिक है। ब्याज माफी का मुद्दा उठने के बाद से ट्रस्ट को शायद ही कोई व्यक्ति इनहांसमेंट देने पहुंचा होगा जबकि ट्रस्ट का बैंक के 6 फीसदी ब्याज के विपरीत 15 फीसदी ब्याज के हिसाब से मीटर चल रहा है जिसकी गाज वन टाइम सेटलमेंट पॉलिसी या ब्याज माफी के अभाव में जनता पर ही किसी समय गिरने वाली है। ट्रस्ट के ईओ गोरा लाल के अनुसार इनहांसमेंट में ट्रस्ट पार्टी को ब्याज सहित पैसे दे रही है, लेकिन अभी तक इसमें कोई नई नोटिफिकेशन नहीं हुई है।
90 के दशक में सुप्रीम कोर्ट से इनहांसमेंट का केस हारने के बाद से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट अभी तक एक्वायर की गई कालोनियों की जमीन के मालिकों को पैसे की अदायगी कर रहा है। ट्रस्ट के पास किराये व जमीनों की बिक्री आदि के अलावा दूसरा कोई फंड नहीं है जिससे यह इनहांसमेंट चुकता की जा सके। ऐसे में नियमानुसार ट्रस्ट की कालोनी में घर का निर्माण करने वाले लोगों को इनहांसमेंट चुकानी पड़ रही है जिसकी अदायगी नहीं होने पर इसमें ब्याज जुड़कर मूल रकम से करीब तीन गुणा के करीब पहुंच रहा है।
टैगोर नगर में मूल 2.39 करोड़ है तो ब्याज 3.70 करोड़ है। इसी तरह ग्रीन एवेन्यू पर जहां मूल 1.60 करोड़ है, वहीं यहां ब्याज 4.84 करोड़ से अधिक हो चुका है। इसी तरह अमरीक सिंह रोड एरिया में 61.46 लाख मूल तो 3.67 करोड़ ब्याज है। अहाता पूर्बियां में मूल 23 लाख व ब्याज 34.33 लाख, 1.36 एकड़ स्कीम में मूल 24 लाख व ब्याज 18.20 लाख व कमला नेहरू नगर में मूल 14.70 व ब्याज 96.44 लाख रुपये हो चुका है जबकि पटेल नगर में मूल 1.72 करोड़ व ब्याज 2.34 करोड़ हो चुका है। ट्रस्ट द्वारा 15 फीसदी ब्याज से इनहांसमेंट की रकम अदायगी करने पर इन कालोनियों से एग्रीमेंट की शर्त अनुसार इनहांसमेंट ली जा रही है, जिसे नहीं चुकाने पर ब्याज बढ़कर 16.06 करोड़ से अधिक हो चुका है तथा कुल 23.02 करोड़ रुपये इस मद में बकाया हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3d2ntuY
May 23, 2020 at 05:14AM
No comments:
Post a Comment