शहर के गुरु नानक नगर इलाके में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक ट्रांसपोर्टर के घर पर हमला कर दिया। हमलावर उनको बुरी तरह से जख्मी कर भागते हुए उनकी किराएदार महिला को गाड़ी से कुचल गए, जिसके चलते महिला की मौत हो गई। आगे गली बंद होने के कारण हमलावर कार छोड़कर भाग गए। वहीं गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर डाली। घटना की सूचना मिलने पर थाना डिवीजन सात पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच अफसर गुरमीत सिंह ने बताया कि घायलों के बयान पर आरोपी सन्नी, जौंटी, भोटा और गुरदीप के खिलाफ हत्या की कोशिश व अन्य धाराओं के तहत पर्चा दर्ज किया है। शिकायतकर्ता चतुर्भुज तंवर ने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का बिजनेस है। उनके बेटे पंकज का कुछ महीने पहले आरोपियों के साथ विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश थी।
जिसके चलते शनिवार रात आरोपियों ने उनके बेटे को फोन कर घर के नीचे बुलाया। पंकज अपने पिता के साथ नीचे चला गया, जहां आरोपी अपने 10-12 अज्ञात साथियों को लेकर खड़े थे, जिनके पास हथियार भी थे। उन्होंने पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। जब बचाव के लिए उनके किरायेदार विनोद व उनका बेटा नितिश आए तो उन पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। नितिश के हाथ में चोट लगी है।
महिला के ऊपर से दो-तीन बार निकाली बोलेरो
वारदात के बाद आरोपी अपनी बोलेरो गाड़ी में भागने लगे। उसी दौरान किरायेदार की 44 साल की पत्नी निशा(44) गली में खड़ी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने समझा कि वह महिला चतुर्भुज की पत्नी है। गुस्से में उन्होंने उस पर गाड़ी चढ़ा दी। उन्होंने निशा पर से दो-तीन बार गाड़ी आगे-पीछे कर रंजिशन चढ़ाई और फिर भागे। हालांकि आगे जाने पर गली बंद होने की वजह से हमलावर गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गए।
जख्मी नितिश ने बताया कि आरोपियों ने जानबूझ कर उनकी मां के ऊपर दो-तीन बार गाड़ी चढ़ाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मां की हत्या की गई है, लिहाजा पुलिस को धारा बढ़ानी चाहिए। वहीं, यह सारा घटनाक्रम गली में लगे सीसीटीवी कैमरे कैद हो गया। पुलिस उसकी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2FRALi3
August 24, 2020 at 04:56AM
No comments:
Post a Comment