गांव डगाना कलां में शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे रंजिशन युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। 6 गाड़ियों और करीब 20 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 3 दर्जन युवकों ने पंचायत घर के आगे एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। बेटे को छुड़वाने पहुंचे उसके पिता से भी हमलावरों ने बुरी तरह से मारपीट की। इसके बाद गांव के लोग बड़ी गिनती में मौके पर इकट्ठा हो गए और हमलावरों का मुकाबला किया।
गांववालों की एकता देखकर हमलावर युवक को मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। यहां तक की उनकी एक गाड़ी भी वहीं छूट गई। गुस्साए गांववालों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान हमलावरों व गांववालों के बीच पत्थरबाजी भी हुई। हमले की वजह युवक के घर के ऊपर से केबल की तार बताई जा रही है। घटना का पता चलते ही थाना मॉडल टाउन की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जख्मी युवक को होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। थाना माॅडल टाउन के एसएचओ मनमोहन कुमार ने कहा कि वह घटना का पता चलते ही पुलिस पार्टी सहित पहुंच गए थे। लेकिन हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस घायल गुरवीर के बयान पर कार्रवाई कर रही है। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की जा रही है।
घायल युवक का आरोप-केबल वाले उनके घर की छत पर बिना पूछे चढ़ जाते थे, पहले भी हो चुका था झगड़ा
हमले में जख्मी युवक गुरवीर व उसके चाचा सरबजीत सिंह ने बताया कि उनके घर के ऊपर से केबल की तार निकलती हैं, जिसको लेकर केबल चलाने वाले बिना बताए ही घर की छत पर चढ़ जाते थे। इसी को लेकर गुरवीर का उनसे पहले भी झगड़ा हो चुका था, जिसका पहले पंचायत ने राजीनामा करवा दिया था। उन्होंने बताया कि इसी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया है।
गुरवीर ने बताया कि जैसे ही गांववालों को हमले का पता चला तो वे वहां आ गए और हमलावरों का मुकाबला किया। इस दौरान सभी हमलावर वहां से जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए, लेकिन वह अपनी एक गाड़ी वही छोड़ गए जिसको भड़के हुए गांव निवासियों ने तोड़ डाला। गुरवीर ने कहा कि गांववालों की बदौलत ही आज उसकी जान बच पाई।
गुरवीर को बचाने आए पिता से भी की मारपीट
सरबजीत सिंह ने बताया कि उसका भतीजा गुरवीर सिंह (17) शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे घर के बाहर पंचायत घर के पास खड़ा था। तभी तीन दर्जन के करीब युवक 6 गाड़ियों और 20 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे और उन्होंने उसके भतीजे गुरवीर से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान गांव के लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने गुरवीर को छुड़वाने की कोशिश की, लेकिन वह उसकी मारपीट करने से नहीं रुके। इसी दौरान गुरवीर का पिता जसवीर भी लड़के को छुड़वाने के लिए आगे बड़ा तो उन्होंने उसकी भी बुरी तरह से पिटाई कर डाली। बाद में हमलावर भाग गए।
केबल संचालक कुलवीर ने आरोप नकारे, कहा-पिता-पुत्र ने मारपीट की
केबल का काम करने वाले कुलवीर सिंह ने बताया कि गुरवीर ने हमारी केबल की तारों को काटा दिया था, जिसके चलते हम शनिवार को पंचायत करने गए थे लेकिन गुरवीर और उसके पिता ने उन पर हमला कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3idwS4E
September 27, 2020 at 04:00AM
No comments:
Post a Comment