जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के प्रस्ताव को सरकार से मंजूरी मिल गई है। इस प्रस्ताव के अनुसार दोमोरिया पुल से सूर्या एनक्लेव एक्टेंशन से होकर वाया जीजीएस एवेन्यू नेशनल हाईवे से जुड़ने वाली 120 फीट रोड की जमीन पर काजी मंडी में बनी 52 झुग्गियां हटाई जाएंगी। हर झुग्गी वाले को जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट 2-2 मरले के प्लाॅट देगा। सवा किलोमीटर की नई 120 फीट रोड पहले से तैयार हो चुकी है लेकिन करीब 200 मीटर के हिस्से पर लोगों के कब्जे हुए हैं।
ये कब्जे हटाने के लिए कच्चे मकानों में रहने वालों को प्लाॅट मिलेंगे। फिलहाल 60 फीट चौड़ाई वाला ये करीब 200 मीटर का हिस्सा ट्रैफिक खोल देगा, जोकि फिलहाल संकरी गली में से होकर 120 फीट रोड से मिलता है। संकरी गली के पास कबाड़ पड़ा रहता है, जिससे आम लोग रात में गुजरने से भी डरते हैं। ये सड़क चालू होने से रेलवे स्टेशन के पीछे सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन योजना भी पूरी हो सकेगी।
साथ में स्मार्ट सिटी के तहत जो जालंधर प्रशासन सिटी रेलवे स्टेशन का दूसरा गेट उक्त काॅलोनी में निकालना चाहता है, उस योजना को भी लाभ होगा। विधायक राजिंदर बेरी ने कहा- ये हमारी प्राथमिकताओं में शामिल योजना है। दोमोरिया पुल से नेशनल हाईवे की तरफ नई सड़क खोल देंगे। इससे अभी जो लोग हाईवे पर जाने के लिए लाडोवाली रोड, रेलवे काॅलोनी या किशनपुरा की तरफ से जाते हैं, वे सीधे श्रीराम मंदिर के सामने से होकर हाईवे पर पहुंच जाएंगे।
सड़क पर इस तरह हुआ कब्जा
साल 2010 में जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट ने दोमोरिया पुल के सामने से हाईवे तक सड़क बनाने की योजना तैयार की थी। प्लानिंग विंग ने स्मार्ट वर्क किया। जीजीएस एवेन्यू में पहले से बनी 120 फीट रोड को एक्सटेंशन देकर दोमोरिया पुल तक लाया जाना था। उस समय सड़क की जमीन पर सूअर पाले जाते थे।
सड़क के किनारे सरकारी जमीन पर लोगों ने श्रमिकों को किराये पर देने के लिए 100 से अधिक कमरे बनाए थे। दुकानें बनी थीं। पहले सारे कब्जे हटाए गए। फिर सूर्या एनक्लेव एक्सटेंशन काॅलोनी लांच की गई। दिक्कत तब आई जब योजना लागू करनी थी। जेआईटी ने सारे कब्जे हटाए लेकिन जो झुग्गियां सड़क की जमीन पर बनी थीं, उन्हें नहीं हटाया। अब 10 साल बाद हटाया जा रहा है।
सड़क प्रोजेक्ट की लागत करीब दो करोड़ रुपए
120 फुट रोड पर जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट 2 करोड़ रुपए के लगभग खर्च चुका है। अब सूर्य एनक्लेव एक्सटेंशन में इस रोड के पास लाइट पोल लगाने की मंजूरी दे दी गई है।
60 फीट रोड के लिए अलग से बनेगा टेंडर...जमीन क्लियर होने के बाद जो 60 फुट रोड बनी है, उसके निर्माण का अलग से एस्टीमेट तैयार होगा। जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट इसके लिए फंड रिलीज करेगा।
सड़क खुलने से इन्हें फायदा
- पुराना शहर : माई हीरां गेट, दोमोरिया पुल, मंडी फेंटनगंज, बशीरपुर, कमल विहार, दौलतपुरी, अड्डा टांडा की तरफ से लोग नई सड़क से गुजरेंगे।
- नई कॉलोनियां : जीजीएस एवेन्यू, सूर्या एंक्लेव, राजीव गांधी विहार, नीतिश्री फ्लैट, महाराजा गार्डन, सूर्या एंक्लेव एक्टेंशन, महाराजा रंजीत सिंह एवेन्यू, हाउसफेड फ्लैट।
कब तक पूरी होगी योजना?
अगले महीने से प्लॉट अलाटमेंट की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। विधायक राजिंदर बेरी के अनुसार इस साल में 60 फुट चौड़ी सड़क की क्नेक्टिविटी दोमोरिया पुल की तरफ दे दी जाएगी। इसके साथ ही सूर्या एंक्लेव एक्सटेंशन में सड़कें बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2GlMGoI
September 29, 2020 at 04:53AM
No comments:
Post a Comment