(प्रवीण पर्व) 2009 के मास्टर प्लान में की गई शहर के विकास की परिकल्पना से छह साल पहले ही जालंधर पंजाब का पहला ट्राईसिटी बनने जा रहा है। अभी जालंधर नगर निगम की हद वडाला चौक तक है। नई नोटिफिकेशन के अनुसार यह हद बढ़कर टीवी टॉवर से आगे एल्डिको ग्रीन की बैक साइड पर गांव मलको तरार तक होगी।
शनिवार को दिल्ली-अमृतसर-जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे का रूट फाइनल किया गया है। इसके तहत वडाला चौक से 15 किलोमीटर दूर कंग साहबू गांव से एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा नकोदर की तरफ मुड़कर गोइंदवाल साहिब जाएगा और दूसरा हिस्सा नाम बड़ा के गांव रामपुर ललियां से होकर कपूरथला रोड की तरफ बढ़ेगा।
यह करतारपुर को क्रॉस करेगा। जालंधर के मास्टर प्लान में सोचा गया था कि वर्ष 2031 तक जालंधर ट्राईसिटी होगा। एक तरफ यह कपूरथला और दूसरी तरफ फगवाड़ा से जुड़ेगा। अब नगर निगम की हद में इजाफा होने और नया एक्सप्रेस-वे बनने से नगर योजना के माहिरों का मानना है कि वर्ष 2025 तक जालंधर सिटी पंजाब का पहला ट्राईसिटी बन जाएगा। नए डेवलपमेंट प्रोजेक्ट आने और औद्योगिक इकाइयां शुरू होने से जिले के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जमीन की कीमत के लेटर जारी होने का इंतजार
दैनिक भास्कर टीम कंग साबू गांव पहुंची तो दुकानदार जरनैल सिंह ने कहा कि जिन-जिन खेतों में से हाईवे गुजरेगा, वहां पटवारी निशान लगा चुके हैं। अब किसानों की जमीन की कीमत का लेटर जारी होने का इंतजार है। दूसरी तरफ गांव ललियां कलां के युवक दीपक कुमार कहते हैं कि घरेलू आबादी से बाहर निशानदेही के पिलर लगा दिए गए हैं। हमारा गांव जालंधर सिटी के बस्ती क्षेत्र की तरफ से शहर के नजदीक पड़ता है। एक्सप्रेस-वे गुजरने से इस तरफ निर्माण बढ़ेगा।
इसका एक लाभ यह भी है कि हमारे इलाके को करतारपुर और अमृतसर की तरफ छोटा रास्ता मिलेगा। एक्सप्रेस-वे से 2:15 घंटे में जम्मू पहुंच सकेंगे। योजनाकार जोगिंदर सिंह कहते हैं कि जालंधर की टाउन प्लानिंग ट्राईसिटी के हिसाब से हुई थी। अब यह 6 साल पहले पूरा हो जाएगा। अभी तक लुधियाना से अमृतसर को जाने वाले हाईवे के किनारे ही विकास तेज गति से हो रहा था। अब यह कैंटोनमेंट एरिया से लेकर नकोदर और मोगा की तरफ होगा।
एक दशक में बदलने वाली है जालंधर की तस्वीर...
रियल एस्टेट कारोबारी राकेश सभ्रवाल बोले, अगले 10 साल में जालंधर की तस्वीर बदलने वाली है। एक्सप्रेस-वे कस्बा फिल्लौर से होकर नकोदर से गुजरेगा। शहरीकरण जालंधर से सटे कैंटोनमेंट एरिया की हद के ग्रामीण क्षेत्र से लेकर लांबड़ा, काला संघा रोड और कपूरथला रोड की तरफ बढ़ेगा।
नई काॅलोनियां-कॉमर्शियल प्रोजेक्ट बढ़ेंगे
सिटी का रकबा 90 किलोमीटर से बढ़कर 125 किलोमीटर तक हो चुका है। नगर निगम के चुनाव से पहले छावनी क्षेत्र के 13 गांव नगर निगम की हद में शामिल किए गए थे। अब संसारपुर से लेकर नकोदर रोड की तरफ गांव फोलड़ीवाल, विलेज मलकों तरार तक नगर निगम की हदें होने से नकोदर की तरफ शहर बढ़ेगा।
दूसरी तरफ आने वाले दिनों में नई काॅलोनियां तथा कॉमर्शियल प्रोजेक्ट अर्बन एस्टेट की बैक साइड, प्रतापपुरा, वंडरलैंड मनोरंजन पार्क, धालीवाल विलेज की तरफ विकसित होंगे। नए फ्लैट प्रोजेक्ट फगवाड़ा, करतारपुर की तरफ बन रहे हैं। नए एक्सप्रेस-वे का काम फरवरी 2021 में शुरू होगा। इसको पूरा करने की अवधि दो साल है। इस से पहले ही ट्राइसिटी बन चुकी होगी।
मास्टर प्लान में क्लियर था कि तीन शहर जुड़ेंगे, एक्सप्रेस-वे से शहरीकरण बढ़ेगा
नगर योजनाकार नवल शर्मा के अनुसार अगले चार-पांच साल में परफेक्ट ट्राईसिटी बनेगी। जालंधर की सीमाएं फगवाड़ा और कपूरथला की तरफ शहरीकरण के चलते इस तरह मर्ज होती दिखेंगी कि ट्राईसिटी बन जाएगा। जालंधर रीजन में जो नए फ्लाईओवर, इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट और बाकी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाता है, उसमें 2031 तक के मास्टर प्लान के अनुसार ही काम हो रहा है।
सरकार ने लेटर भेजकर इसके दोनों तरफ 1-1 किलोमीटर का बफर जोन बनाने के लिए कहा है। एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ बफर जोन में नगर योजनाकार कार्यालय कोई भी चेंज ऑफ लैंड यूज सर्टिफिकेट जारी नहीं करेगा। अब इस एरिया में कनेक्टिविटी बेहतर होने जा रही है।
शहर में अब नए इकोनॉमिक जोन की जरूरत
चेंबर ऑफ इंडस्ट्री एंड कॉमर्स के जनरल सेक्रेटरी चरणजीत सिंह महंगी ने कहा कि सिटी के कारखाने एक्सटेंशन चाहते हैं। उनके लिए नया फोकल पॉइंट नहीं बनाया गया। अब जालंधर में नया इकोनॉमिक जोन बनना चाहिए। रीजन में कोई नया एसईजेड प्रोजेक्ट लॉन्च नहीं हुआ। इस बीच जालंधर सिटी की नूरपुर धोगड़ी रोड और होशियारपुर रोड पर नया इंडस्ट्रियल हब बना है। यह एरिया 5 साल से पहले करीब 50000 रोजगार पैदा करेगा।
शहर की इन तीन सड़कों पर बनेगा कॉमर्शियल हब
1. रामामंडी से होशियारपुर की तरफ एपीजे मैनेजमेंट कॉलेज से पहले और 4 किलोमीटर आगे दो दर्जन हॉस्पिटल अगले 2 साल में चालू हो जाएंगे। इसी रोड पर नए ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट आएंगे।
2. नूरपुर धोगड़ी रोड पर नई फैक्ट्रियां स्थापित हो रही हैं। यहां पर अगले दो साल में करीब 20000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह जालंधर सिटी का नया इंडस्ट्रियल हब बन रहा है। यहां पर करीब 45 ऐसे यूनिट स्थापित हुए हैं जिनकी इन्वेस्टमेंट 200 करोड़ रुपए से ऊपर है।
3. नगर निगम का विशेष फोकस अर्बन एस्टेट की 66 फुट रोड पर है। इस रोड पर पहले करीब 6 करोड रुपए खर्च कर टू-लेन की व्यवस्था की गई। अब इसके पास से गुजरने वाले नाले को बंद करके इसकी जगह भूमिगत सीवरेज डाला जा रहा है। यहां पर हैमिल्टन हाउसिंग प्रोजेक्ट लांच हुआ था। इसके बाद रियल एस्टेट कंपनियां विलाज तथा मल्टीस्टोरी हाउसिंग कांप्लेक्स तैयार कर रही है। शहर का विस्तार होने पर पैदा होने वाली जरूरतों के मद्देनजर विकास होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2TsYt7C
October 26, 2020 at 05:17AM
No comments:
Post a Comment