जिले में आजकल ठगों का खूब बोलबाला हो गया है व ग्रामीण क्षेत्र के लोग दिन प्रतिदिन उनके जाल में फंसते जा रहे हैं। सबसे बड़ा ठगी का जाल नौजवानों को विदेश भेजने के नाम पर व सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर बिछाया जा रहा है जिसमें फंसकर युवा जहां अपना पैसा बर्बाद कर रहे हैं वहीं अपने भविष्य को भी दांव पर लगा रहे हैं।
ताजा मामले में अब बस्ती गामेवाली दाखली बहक गुजरां निवासी युवक को इंग्लैंड भेजने के नाम पर 8 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में सदर जीरा पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी व पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसके अलावा एक अन्य मामले में एक युवक को रेलवे विभाग में टिकट कलेक्टर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 6 लाख 60 हजार रुपए की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति पर मामला दर्ज किया है।
इस वर्ष के बीते 9 माह की बात करें तो जिले में 10 अलग-अगल मामलों में विदेश भेजने के नाम पर फर्जी ट्रैवल एजेंटों ने लोगों से 2 करोड़ 68 लाख 80 हजार रुपए की ठगी मारी है तो वहीं 3 अलग-अगल मामलों में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी एजेंटों ने तीन लोगों से 21 लाख 40 हजार रुपए की ठगी मारी है। वहीं जिले में अब तक इन 9 माह में ठगी के कुल 38 मामले दर्ज किए गए हैं जिसमें जॉली दस्तावेज तैयार कर जमीन नाम करवाने, गाड़ी नाम करवाने, जाॅली बीमा पॉलिसी तैयार कर ठगी करने सहित अन्य कई प्रकार के मामले सामने आए हैं।
ताजा मामले की बात करें तो बस्ती गामेवाली दाखली बहक गुजरां सदर जीरा निवासी महंता सिंह पुत्र जंगीर सिंह ने बताया कि उसके भतीजे दिलप्रीत सिंह काे विदेश जाना था। इस दौरान उनकी मुलाकात जिला अमृतसर के गांव गुझां पीर तहसील अजनाला निवासी पलविंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह, पलविंद्र सिंह की पत्नी करमजीत कौर व उनके बेटे एकमजोत से हुई। उन्होंने उनके भतीजे को वर्क परमिट पर इंग्लैंड भेजने के लिए प्रक्रिया शुरू की व उनसे 8 लाख रुपए लिए। काफी समय तक उसके भतीजे दिलप्रीत को विदेश भेजने संबंधी कोई दस्तावेज नहीं प्राप्त हुआ तो उन्होंने आरोपियों से इस बारे में बात की।
मगर उक्त लोगों की ओर से कोई संतुष्टिजनक जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद उन्होंने उक्त आरोपियों से अपने पैसे देने को कहा। आरोपियों ने उन्हें 8 लाख रुपए का चेक बनाकर दे दिया। जब उन्होंने चेक बैंक में लगाया तो बाउंस हो गया। चेक बाउंस होने के बाद उन्होंने आरोपियों से कई बार पैसे वापस करने को कहा मगर आरोपियों ने पैसे देने से साफ इंकार कर दिया व उन्हें धमकियां भी दी।
इसके बाद उसने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी। मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने बातया कि शिकायतकर्ता महंता सिंह पुत्र जंगीर सिंह के बयानाें पर आरोपी पलविद्र सिंह पुत्र अमर सिंह, करमजीत कौर पत्नी पलविंद्र सिंह व एकमजोत सिंह पुत्र पलविंद्र सिंह निवासी गुझा पीर तहसील अजनाला जिला अमृतसर देहाती के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 व 120 बी के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तालाश शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पीड़ित खुशवंत सिंह कंबोज पुत्र रूड़ सिंह निवासी कंबोज नगर फिरोजपुर सिटी ने बताया कि वह अपने बेटे की पढ़ाई पूरी होने के बाद उसके के लिए नौकरी की तालाश कर रहा था। इस दौरान उसकी मुलाकात दलजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह से हुई। उसने उसके लड़के अमरजीत सिंह को रेलवे में टिकट कलेक्टर की नौकरी दिलवाने की बात कही।
आरोपी ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर 6 लाख 60 हजार रुपए ऐंठ लिए। काफी समय तक नौकरी सें संबंधित कोई दस्तावेज उन्हें नहीं मिला जिसके बाद जब उसने बेटे को नौकरी दिलाने की बात के बारे में कहा तो आरोपी ने कोई ठोस जवाब नहीं दिया जिसके बाद पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी। एएसआई रेशम सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानाें पर दलजीत सिंह पुत्र कुलदीप सिंह निवासी गांव दुलचीके थाना घल्लखुर्द के खिलाफ आईपीसी की धारा 468,471 व 120 बी के तहत मामला दर्ज कर अगामी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कैसे फंसते हैं लोग इनके जाल में
- 5 जनवरी को थाना सिटी फिरोजपुर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 4 लाख 80 हजार रुपए की ठगी का मामला किया गया दर्ज ।
- 3 फरवरी को थाना घल्लखुर्द पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 40 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया ।
- 27 फरवरी थाना सदर फिरोजपुर पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 50 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज ।
- 29 जनवरी को थाना मक्खू पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर 33 लाख की ठगी करने का मामला दर्ज किया ।
- 25 मार्च को थाना कुलगड़ी पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 18 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया।
- 17 जून को थाना सदर जीरा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 18 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया।
- 26 जून को थाना सदर जीरा पुलिस ने अमेरिका भेजने के नाम पर 35 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया ।
- 18 अगस्त को थाना सिटी जीरा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 23 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया ।
- 14 सितंबर को थाना सदर जीरा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 23 लाख की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया ।
- 23 सितंबर को सदर जीरा पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर 16 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया ।
- सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर तीन मामलों में हुई 21 लाख 40 हजार की ठगी
- 13 मार्च को थाना सिटी पुलिस ने सरकारी अध्यापक लगवाने के नाम पर 8 लाख 80 हजार रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया।
- 28 सितंबर को थाना सिटी पुलिस ने पुलिस विभाग में सिपाही भर्ती करवाने के आरोप में 6 लाख रुपए की ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/30rzsO9
October 02, 2020 at 04:00AM
No comments:
Post a Comment