(पंकज राय) पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत पहली बार शनिवार को जालंधर दौरे पर थे। अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला के साथ दोपहर को शहर पहुंचे रावत दिन भर निजी कार्यक्रम में व्यस्त रहे और शहर के कांग्रेसी एमएलए और वर्करों से दूरी बनाए रखी। बाद में अचानक जिले के सभी 6 कांग्रेसी एमएलए से मीटिंग तय हुई, तो शाम करीब सवा सात बजे दो घंटे की देरी से सर्किट हाउस पहुंचे।
जबकि एमएलए शाम को साढ़े 5 बजे सर्किट हाउस पहुंच गए, वह करीब दो घंटे तक इंतजार करते रहे। चाय के साथ महज 10 मिनट तक चली औपचारिक बैठक में जिले के सभी 6 कांग्रेसी एमएलए ने अपनी नाराजगी जताई। विधायकाें ने कहा कि हम जनता से किए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं। बड़ी बात यह है कि दोआबा की आवाज ही सरकार तक नहीं पहुंच पा रही है।
कैंट के एमएलए परगट सिंह ने पीड़ा जताते हुए कहा कि एमएलए और सीएम के बीच गैप बनने से हलके का मसला, लोगों की समस्या और उनसे किए हुए वादे पूरे नहीं हो पा रहे। एमएलए ने पुलिस-प्रशासन में वर्करों की सुनवाई न होने की भी बात कही।
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी रावत ने कहा अगली बार आएंगे तो अलग-अलग मीटिंग करेंगे। मीटिंग में सेंट्रल हलके के एमएलए राजिंदर बेरी, कैंट के परगट सिंह, नॉर्थ के बावा हैनरी, वेस्ट के सुशील रिंकू, शाहकोट के हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया और करतारपुर के सुरिंदर चौधरी मौजूद रहे।
वर्करों की शिकायत-बड़े नेता शहर में आते हैं, हमसे मिलते नहीं
एमएलए की मीटिंग से फारिग होते ही कुछ मिनटों के लिए प्रभारी हरीश रावत ने वर्करों की बातें सुनी। संजय सहगल, सुदेश विज, मंजीत सिंह सरोया, दीपक खोसला और कुणाल शर्मा आदि ने कहा कि कांग्रेस के लीडर अब भी 5 स्टार कल्चर से बाहर नहीं आए हैं। मंत्री आते हैं और होटल में ही मीटिंग और एमएलए से मिलकर चले जाते हैं, वहां तक आम वर्करों की पहुंच नहीं होती है। अगले दिन अखबार से पता लगता है कि अपनी ही सरकार के मंत्री शहर आए हुए थे।
किस एमएलए ने क्या कहा...दोआबा से मंत्री भी मांगा
- शाहकोट के एमएलए हरदेव सिंह लाडी शेरोवालिया ने कहा कि दोआबा से एमएलए और सरकार के बीच कोई बड़ी कड़ी नहीं है, इस कारण भी सरकार में सुनवाई होने में बाधा होती है। इसलिए दोआबा से एक मंत्री बनाया जाए, तो सरकार तक उनकी बात आसानी से रख सके। इससे हमारे मुद्दे और ज्यादा आसानी तक सरकार तक पहुंचाए जा सकेंगे।
- नॉर्थ हलके के एमएलए बावा हैनरी ने कारोबारियों के सी-फार्म की समस्या के साथ याद दिलाया कि चुनाव के दौरान इंडस्ट्री सेक्टर से किए वायदे पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस तरफ ध्यान देने की जरूरत है।
- सेंट्रल हलके के एमएलए राजिंदर बेरी ने कहा कि समय रहते शहरी इलाके पर सरकार को फोकस करना होगा। विकास के प्रोजेक्टों के साथ सरकार द्वारा किए गए वायदे, जो अब तक पूरे नहीं किए गए हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाए। लोगों की समस्याएं ध्यान में रखी जाएं।
- वेस्ट हलके के एमएलए सुशील रिंकू ने कहा कि सरकार ने संत समाज से वियाना कांड के पर्चे रद्द करने का वायदा किया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ है। दोआबा दलितों का गढ़ है, केंद्र सरकार ने पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम बंद कर दी है, तो पंजाब सरकार इसका प्रबंध करे। विद्यार्थियों को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जानी चाहिए।
प्रभारी बोले...एमएलए भी लोगों से राब्ता बनाएं, मिलकर करेंगे सत्ता में वापसी
विधायकों को सुनने के बाद हरीश रावत ने कहा कि सरकार के पास भी सीमित संसाधन और स्रोत हैं। सरकार के साथ मिलकर बेहतर काम करें और एमएलए भी अपने हलके, स्थानीय स्तर पर सभा, संगठनों और संस्थानों से तालमेल बढ़ाएं। रावत ने कहा कि पहले से बेहतर हालात होंगे और सरकार, एमएलए और वर्कर मिलकर सत्ता में दोबारा वापसी करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2GqF7ND
October 04, 2020 at 05:21AM
No comments:
Post a Comment