डीएमडब्ल्यू अमन नगर में शुक्रवार को नगर निगम की सेनेटरी ब्रांच की ओर से रेहड़ी चालकों के प्लास्टिक के लिफाफों का चालान काटने और सब्जी तोलने वाला कंडा जब्त करने को लेकर हंगामा हो गया। निगम टीम का आरोप है कि एक अंजान राहगीर ने उनके साथ गाली गलौच तक किया, इसके बाद पुलिस बुलानी पड़ी। इधर रेहड़ी वालों के समर्थन में पटियाला व्यापार मंडल के प्रधान राकेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और रेहड़ी चालकों को समझाया। रेहड़ी चालक ओवरब्रिज पर धरना लगाना चाहते थे, लेकिन राकेश गुप्ता ने उन्हें अगले हफ्ते कमिश्नर-मेयर से मीटिंग कर उचित समाधान करने का भरोसा देकर टाला।
रेहड़ी चालकों ने कहा कि वह करीबन 10 साल से कारोबार कर रहे हैं नगर निगम अब एकदम से उन्हें यहां से शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है। इसी संदर्भ में आज प्लास्टिक के लिफाफों का बहाना लगाकर रेहड़ी चालकों की चेकिंग की गई और चालान काटे गए।
इधर नगर निगम टीम के सेनेटरी इंस्पेक्टर जगतार सिंह ने कहा कि जिन रेहड़ी चालकों का चालान काटा उनकी तरफ से कोई विरोध नहीं किया गया। सड़क पर गुजर रहे एक अनजान व्यक्ति ने कार्रवाई का विरोध कर निगम सदस्यों के साथ गाली गलौज किया है। उस व्यक्ति की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी।
पटियाला व्यापार मंडल ने निगम की कार्रवाई की निंदा की है। पटियाला व्यापार मंडल के प्रधान राकेश गुप्ता ने नगर निगम की रेहड़ियों को शिफ्ट करने और प्लास्टिक के लिफाफे के चालान काटने की कार्रवाई को भी गलत बताया। राकेश गुप्ता ने कहा कि पिछले 5 महीने से कोरोना के चलते कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है ऐसे में एकदम से रेहड़ी चालकों की जगह शिफ्ट करना और इस तरह प्लास्टिक के लिफाफे के चालान काटना व्यापारियों के लिए ठीक नहीं है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2CKB8d3
July 25, 2020 at 04:33AM
No comments:
Post a Comment