फरीदकोट की मॉडर्न जेल में सुरक्षा कर्मी के तौर पर तैनात होम गार्ड कर्मचारी ने बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि को करीब डेढ़ बजे मानसिक परेशानी में पहले हवाई फायर करने के बाद खुद को गोली मार ली। इस घटना में पेट में गोली लगने से होमगार्ड कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हालत गंभीर देख उसे उपचार के लिए लुधियाना रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जाती है। जेल अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरीदकोट की केंद्रीय माॅडर्न जेल में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जिला फरीदकोट के गांव वट्टू का रहने वाला सुरजीत मसीह रात के 12 से लेकर सुबह 4 बजे तक जेल के बाहरी टावर नंबर 2 पर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था।
सुरजीत मसीह ने रात करीब 1:15 से डेढ़ बजे के बीच पहले अपनी सरकारी एसएलआर से हवाई फायर किया व फिर दूसरी गोली अपने पेट में मार ली।
घटना का पता चलते ही जेल अधिकारियों ने उसे घायल अवस्था में ड्यूटी टावर से नीचे उतारा व पहले सिविल अस्पताल व वहां से गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज में लेकर जाया गया जहां से उसकी गंभीर हालत को देख उसे लुधियाना के डीएमसी में रेफर कर दिया गया।
फरीदकोट जेल के जेल सुपरिंटेंडेंट मनजीत सिंह टिवाना के छुट्टी पर होने के चलते उनकी ड्यूटी संभाल रहे डिप्टी सुपरिंटेंडेंट हरप्रीत सिंह ने बताया कि घटना का पता चलते ही उन्होंने कर्मचारियों की सहायता से उसे टावर से उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि अब तक हुई जांच में पता चला है कि उक्त होम गार्ड जवान घर की परेशानियों के चलते मानसिक दबाव में था। उसकी पत्नी का कुछ समय पहले कोई आपरेशन हुआ था व इसके बावजूद वह बीमार रहती थी। उन्होंने घटना के पीछे किसी हादसे भी भावना अथवा जेल से संबंधित कारण होने की बात को सिरे से नकार दिया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है व फिलहाल डीएमसी से आई सूचनाओं के अनुसार उक्त होमगार्ड कर्मचारी की हालत अब स्थिर व खतरे से बाहर है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3gNebEf
July 10, 2020 at 04:47AM
No comments:
Post a Comment