(परमिंदर बरियाणा) मार्च में होशियारपुर में कोरोना का पहला मामला सामने आया था और अब यह आंकड़ा बढ़कर एक सितंबर को 1,590 पहुंच चुका है और 49 की माैत हाे चुकी है। अगर पिछले आंकड़ों पर नजर डाली जाए, तो पिछले लगभग 6 माह के मुकाबले अगस्त महीने के आंकड़े डराने वाले हैं। पहली अगस्त को जिले में कोरोना के कुल पाॅजिटिव केस 564 थे, 17 की माैत और 96 एक्टिव केस थे। लेकिन, 15 अगस्त के बाद पाॅजिटिव केस अचानक बढ़े और महीने के आखिरी 10 दिन में यह आंकड़ा कई गुणा बढ़ गया।
16 अगस्त को एक अगस्त के 564 मरीजों के मुकाबले 850 केस पहुंच गए और मरने वालों का आंकड़ा 24 जबकि एक्टिव केस 178 हो गए। अगस्त 16 से लेकर 21 तारीख तक 6 दिन की बात करें तो इस बीच 123 नए केस सामने आ गए। अगस्त महीने के आखिर के 10 दिन 21 से लेकर 31 अगस्त तक 565 मामले सामने आ गए, जो 21 अगस्त तक 973 थे और 31 अगस्त तक बढ़कर 1,538 पहुंच गए।
यही नहीं सबसे ज्यादा मौतें भी इन्हीं 10 दिन में हुईं। हैरानी की बात है कि जबसे कोरोना शुरू हुआ, तब से लेकर 21 अगस्त तक मौतों की संख्या 26 थी और 10 दिन में ही 19 लोगों को जान गंवानी पड़ी। एक्टिव केस का आंकड़ा भी डराने वाला है। पहली अगस्त को एक्टिव केस 96 थे, जो बढ़कर 31 अगस्त तक 416 पहुंच गए। यह आंकड़ा भी अगस्त के पिछले 10 दिन में तेजी से बढ़ा।
21 अगस्त को एक्टिव केस का आंकड़ा 186 था और 10 दिन में 31 अगस्त तक 230 एक्टिव केस पहुंच गए। सुखद खबर है कि पहली अगस्त से 31 अगस्त तक 629 लोगों ने कोरोना को मात दी। जिले की बात करें तो सबसे ज्यादा केस शहर में बढ़े हैं। सिविल सर्जन डाॅ. जसबीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहनें। तभी हम कोरोना महामारी को फैलने से रोक सकते हैं।
कोरोना संक्रमण से गांव मीरापुर के बुजुर्ग की जालंधर में मौत
गांव मीरापुर के बुजुर्ग गुरनाम सिंह की कोरोना के चलते जालंधर मिलिट्री अस्पताल में सोमवार को मौत हो गई। मंगलवार को गांव मीरापुर में प्रशासन द्वारा अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुरनाम सिंह हार्ट की तकलीफ के कारण मिलिट्री अस्पताल में भर्ती थे। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनके परिवार के सदस्यों को होम क्वारेंटाइन कर सैंपल लिए गए हैं। टांडा में अब तक कोरोना से 10 की मौत हो चुकी है।
गढ़शंकर में एक नर्स समेत 4 लोगों की रिपाेर्ट पॉजिटिव
गढ़शंकर|मंगलवार को गढ़शंकर में एक नर्स सहित 4 नए पाॅजिटिव केस सामने आए। इनमें 2 शहरी व दो ग्रामीण क्षेत्र से हैं। अब तक सिविल अस्पताल के 14 कर्मी पॉजिटिव हो चुके हैं। उधर, अंबेडकर नगर को कोरोना के मामले बढ़ने पर जिला प्रशासन द्वारा माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। एसएमओ डाॅ. टेक राज भाटिया के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की सहायता से पूरे अंबेडकर नगर को सील कर पाबंदियां लगा दी गईं।
आज गढ़शंकर के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में कुल 63 संदिग्धों के सैंपल लिए और 16 को होम क्वारेंटाइन किया गया। शहरी क्षेत्र में 2 पाॅजिटिव मामले सामने आए, जिनमें एक अस्पताल की स्टाफ नर्स तो दूसरा निरंकारी भवन के साथ दीप कालोनी का दुकानदार है। एसएमओ पोसी डाॅ. रघुवीर सिंह ने बताया कि ब्लाॅक के जिन 2 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें गांव सैला खुर्द व गांव लल्लियां के हैं।
अब तक कुल 1,590 संक्रमित, 49 की हो चुकी मौत, 406 एक्टिव
होशियारपुर|मंगलवार को जिले में कोरोना से 4 लोगों की मौत हो गई जबकि विधायक पवन आदिया की बेटी समेत 52 नए केस मिले। इसके साथ ही जिले में अब तक 49 लोग संक्रमण से जान गंवा चुके हैं और 1,590 संक्रमित हो चुके हैं। जिले में अब एक्टिव केस 406 हैं और 1135 कोरोना से ठीक हो चुके हैं। आज जिन लोगों की मौत हुई है उनमें गुरबचन सिंह (73) निवासी न्यू गुरु नानकपुरा होशियारपुर का इलाज लुधियाना में चल रहा था, ज्ञान कौर (45) निवासी भूंगा का इलाज मेडिकल काॅलेज अमृतसर से चल रहा था, गुरनाम सिंह (73) निवासी तलवंडी टांडा और कमलेश (70) दोनों का इलाज जालंधर अस्पताल में चल रहा था। जिन लोगों की रिपोर्ट पाॅजिटिव आई उनमें शहर के 24, हारटा बडला से 6, मुकेरियां से 2, टांडा से 2, दसूहा से 2, भूंगा से 4, चक्कोवाल से 4, गढ़शंकर से 1, मंड पंडेर से 1, पालदी से 1, पोसी से 1, बुढ्ढावड़ से सबंधित 4 मामले शामिल हैं। आज जिले में 1200 सैंपल लिए गए और 1105 की रिपोर्ट आई। अब तक कुल 59872 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 56,991 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/3gR0ofw
September 02, 2020 at 04:00AM
No comments:
Post a Comment