जाखल मंडी का श्रीकृष्णा गोशाला रोड अत्यंत खस्ता हालत में पहुंच गया है। रोड की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि यहां पर पैदल जाना तो दूर वाहन चलते हैं तो वह भी फंस रहे हैं। पहले यह रोड मार्केटिंग बोर्ड के अधीन था। लेकिन अब इसे जाखल मंडी नपा के हवाले कर दिया है। हालांकि समस्या के बारे में नपा अधिकारी जानते हैं लेकिन उनका तर्क है कि लॉकडाउन के दौरान सरकार की ओर से नए विकास कार्यों पर रोक लगाई हुई है। जिस कारण सरकार के आगामी आदेशों का इंतजार है।
जाखल मंडी के गौशाला रोड का 2 साल पहले मार्केटिंग बोर्ड की ओर से नवनिर्माण कराया गया था। लेकिन निर्माण कार्य सही ढंग से न होने के कारण रोड की हालत कुछ ही समय के बाद खस्ता हो गई। इस रोड पर जमा गंदगी व मिट्टी बरसात के बाद अत्यधिक कीचड़ में तब्दील हो गई है। जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन इसमें फंस जाते हैं। मंडी वासी आढ़ती व गौशाला कमेटी सदस्य प्रीतम बत्रा, आढ़ती चंद्रदीप जिंदल, अशोक कुमार, शंकरलाल गर्ग, वकील चंद, गौशाला कमेटी प्रधान सीताराम मित्तल, पूर्व प्रधान प्रमोद सिंगला, सुनील सिंगला, सतीश सिंगला, सोनू नागपाल आदि ने बताया कि रोड की हालत के कारण उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी रोड पर उनके गेहूं गिराए जाने के लिए खाली प्लॉट व राइस मिल हैं। लेकिन रोड पर आने वाले वाहन यहां पर कीचड़ में धंस जाते हैं। नपा प्रशासन इस रोड की हालत की सुध लेकर समस्या का समाधान करे। नपा के जेई संदीप कुमार ने कहा कि कुछ समय पहले ही मार्केटिंग बोर्ड ने इस रोड को उनके सुपुर्द करने का प्रस्ताव उन्हें दिया है।
लेकिन उसी समय से कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन चल रहा है। रोड की खस्ता हालत ध्यान में है। लेकिन सरकार ने नए विकास कार्य पर रोक लगाई हुई है। इस रोड का जल्द ही जायजा लेकर अगर गंदगी हटाने से समस्या हल होती है तो इसका प्रयास करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
https://ift.tt/2AteFzy
दैनिक भास्कर,,1733
No comments:
Post a Comment