Amazon

Thursday, June 25, 2020

शहरी प्रधान के लिए गुपचुप पति संग दिल्ली पहुंची महिला दावेदार

जिला कांग्रेस शहरी और देहाती प्रधानगी के लिए नेताओं की तिकड़मबाजी चरम पर है। एक तरफ जहां पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से प्रधानगी के दावेदावों के नाम शार्टलिस्ट करके पैनल बनाकर दिल्ली भेज दिया गया है, वहीं कई कांग्रेसी एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए राजनीति की बिसात पर अपने मोहरों के जरिए चालें चल रहे हैं।

इसी चक्कर में शहरी प्रधानगी के लिए एक महिला नेत्री सहित तीन कांग्रेस नेता दिल्ली तक का चक्कर लगा आए हैं। वहीं देहात के पैनल में शामिल दो नामों में से एक नेता को कुर्सी दिलवाने के लिए तीन कैबिनेट मंत्री जोर लगा रहे हैं।

कांग्रेस के अंदर प्रधानगी को लेकर चल रहे इस बवंडर के बीच किस्मत आजमाने के लिए कई नए चेहरों ने भी ताल ठोकते हुए अपनी गोटियां फिट करनी शुरू कर दी हैं।

कांग्रेस प्रधानगी को लेकर एक महिला नेत्री और उसका पति भी चुपचाप दिल्ली का चक्कर लगा आए हैं। उनके साथ एक अन्य नेता भी दिल्ली गया था। इसमें एक नेता एक दावेदार की भाजपाई पृष्ठभूमि की शिकायत करने के लिए दिल्ली पहुंचा था।

चर्चा यह भी है कि ये तीनों नेता एक ही लॉबी से जुड़े हैं। कांग्रेस गलियारा में यह भी चर्चा है कि उनके चुपचाप दिल्ली दौरे से स्पष्ट हो रहा है कि तीनों का भरोसा प्रदेश कांग्रेस लीडरशिप से उठ चुका है।

पप्पू हटे तो पुराने चेहरे सक्रिय, एडवोकेट माणिक और गुरबिंदर की भी एंट्री

शहरी प्रधानगी के पैनल में पूर्व पार्षद अश्विनी पप्पू, राजकंवलप्रीत पाल सिंह लक्की और राजबीर शर्मा का नाम भेजा गया है। पप्पू ने दौड़ से बाहर हो गए हैं वहीं एक अन्य नेता के नाम का विरोध होते देख अब पैनल से बाहर रहे नेताओं के साथ ही कुछ नए चेहरे भी प्रधानगी के लिए कूद पड़े हैं।

नए चेहरों में जिला कांग्रेस के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट एडवोकेट माणिक बजाज शहरी प्रधानगी के लिए और पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी किसान खेत मजदूर सेल के पूर्व उप प्रधान गुरबिंदर सिंह माहल भी देहाती के साथ ही शहर में भी जोर लगा रहे हैं।

देहात में भगवंतपाल सच्चर और जग्गा मजीठिया में टक्कर

देहात के लिए बनाए गए पैनल में मुख्य तौर पर पूर्व प्रधान भगवंतपाल सिंह सच्चर और सुखजिंदर राज सिंह लाली मजीठिया के भाई जगविंदरपाल सिंह जग्गा मजीठिया के नाम शामिल हैं।

चर्चा है कि इनमें एक नेता को प्रधानगी दिलाने के लिए तीन कैबिनेट मंत्री जोर लगा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बात करें तो देहात में अकाली दल से टक्कर लेने में सक्षम नेता के हाथ में देहाती प्रधानगी की कमान सौंपने का क्राइटेरिया रखा गया था।

कैप्टन-जाखड़ की सिफारिश सोनिया तक पहुंचाऊंगी: आशा

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आशा कुमारी का कहना है कि जिला प्रधानों के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ की सिफारिश उनके जरिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास जानी है।

इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष नाम की अप्रूव लिस्ट जारी हो जाएगी। अगर कोई पार्टी प्लेटफार्म से बाहर जाकर सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट करता है, उसको हम प्लेटफार्म नहीं मानते। अगर किसी की शिकायत है तो वह प्रदेश प्रधान के सामने अपनी बात रख सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

https://ift.tt/2BCkD1T
June 25, 2020 at 04:40AM

No comments:

Post a Comment